केंद्र में आरक्षण की मांग लेकर चार को महारैली
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक में जाटों ने केंद्र में आरक्षण के मांग लेकर चार नवंबर को हल्दौर में होने वाली महारैली की रणनीति बनाई। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ओमपाल सिंह देशमुख ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में कमजोर पैरवी के कारण जाटों का आरक्षण खत्म हुआ है। आरक्षण खत्म होने से जाट समाज के युवाओं को नौकरियों में मौके कम मिल रहे हैं। आरक्षण जाट समाज का हक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक केंद्र में जाटों को आरक्षण दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने चार नवंबर को हल्दौर क्षेत्र में महारैली का ऐलान किया है। कहा कि महारैली में जाट समाज के 50 हजार लोग इकट्ठा होंगे। आसपास के जिलों से भी जाट समाज के नेताओं को इस महारैली को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क कर बुलाया जा रहा है। इस दौरान जिला संयोजक अमन सिंह, लोकसभा संयोजक राजवीर सिंह, ब्रजराज सिंह, बलराम सिंह, सुरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. संजीव चौधरी, सुभाष राणा, त्रिभान सिंह, होरी सिंह, कपिल चौधरी, अजय पवार आदि मौजूद रहे।
जाटों को ओबीसी वर्ग से बाहर करने की मांग
बिजनौर। अति पिछड़ा वर्ग उत्थान समिति ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में देकर बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जाट समाज को आरक्षण के समर्थन के बान पर पिछड़े समाज की अन्य जातियों में रोष है। कहा कि जाट समाज सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से बहुत मजबूत है। इस बीच जाट समाज को ओबीसी वर्ग से बाहर करने की मांग की गई। इस दौरान राजपाल प्रजापति, ऋषिपाल सिंह, दयाराम सिंह, रोशन सिंह, भारती सिंह, बागेश कुमार आदि रहे।
विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
बिजनौर। एसडीओ राहुल गौतम ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी बिजलीघर पर रविवार 30 सितंबर को मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके चलते बिजली आपूर्ति सुबह दस बजे से शाम तीन बजे तक बाधित रहेगी। एसडीओ ने जनता से पहले ही पानी का भंडारण करने की अपील की है।