चोरी करने के आरोप में दो किशोरों को बंधक बनाया
नहटौर। दुकान पर चोरी करने के आरोप में दुकान मालिक ने दो किशोरों को बंधक बनाकर मारपीट कर डाली। देर रात तक दुकान पर बंधक बनाए रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों किशोरों को बंधक मुक्त कराया और थाने लेकर आई। पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वाले पिता पुत्र सहित तीन लोगों को पकड़कर थाने में बैठा लिया। पिता-पुत्र से पूछताछ करने के बाद रात में छोड़ दिया गया, जबकि एक दुकानदार से पुलिस पूछताछ कर रही है।
चामुंडा मंदिर के पास स्टेट बैंक के सामने गांव नवादा चौहान निवासी अरुण कुमार बिजली का सामान बेचने की दुकान करता है। उसकी दुकान पर गांव कमालपुर निवासी दो किशोर काम करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक दुकान मालिक ने दोनों किशोरों के शाम के समय बिजली के तार के बंडल चोरी करके ले जाते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया। दोनों किशोरों को दुकान में बंधक बनाकर मारपीट कर डाली। रात करीब नौ बजे किशोरों को बंधक बनाने की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों किशोरों को बंधनमुक्त कराया। थाने में पूछताछ करने के बाद चामुंडा मंदिर स्थित बिजली के दुकानदार राशिद को पकड़ लिया। उसके बाद मैन बाजार स्थित दुकानदार मनोज अग्रवाल के घर पर छापा मारते हुए उसको पुत्र सहित पकड़कर थाने ले आई। घंटों तक पूछताछ करने के बाद रात में ही मनोज अग्रवाल व उसके पुत्र को छोड़ दिया गया। कोतवाल अजय कुमार का कहना है कि मामले में जांच चल रही है।