बिजनौर। दवा लेकर बिजनौर से अपने गांव लौट रहे बाइक सवार दंपति, कार की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस कार चालक को पकड़कर थाने ले आई।
नगीना थाना क्षेत्र के गांव अमरौली निवासी अर्जुन कुमार अपनी पत्नी डोली (21) एवं अपने सात माह के अबोध बालक ऋषभ के साथ बाइक से अपने गांव से बिजनौर आया था। अर्जुन के मुताबिक शनिवार रात करीब नौ बजे वह अपने बच्चे की दवा दिलवाकर गांव लौट रहा था। बिजनौर-नगीना मार्ग स्थित मोहित पेपर मिल के सामने पहुंचने पर बाइक कार से टकरा गई। हादसे में दंपति घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने डोली को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन को भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस चालक को पकड़कर थाने ले आई। इस हादसे में बालक को खरोंच तक नहीं आई। अर्जुन के मुताबिक उसकी शादी दो साल पहले ही हुई थी। वह कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का गुजारा करता है।