बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय ने शिक्षा विभाग के अफसरों को जुलाई के पहले सप्ताह में ही स्कूली बच्चों को यूनिफार्म उपलब्ध कराने के निर्देेश दिए हैं। स्कूलों में यूनिफार्म संबंधी अभिलेख भी ठीक प्रकार से रखें और यूनिफार्म का भुगतान चेक के द्वारा कराया जाए। गड़बड़ी करने वाले शिक्षकों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को डीएम ने कलक्ट्रेट के सभागार में शिक्षा विभाग के अफसरों की बैठक ली तथा परिषदीय स्कूलों के बच्चों को यूनिफार्म वितरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जुलाई में स्कूल खुलते ही जल्द ही बच्चों को यूनिफार्म उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए 30 जून को ब्लॉक स्तर पर प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित कर यूनिफार्म के संबंध में शासन से आए आदेशों से अवगत कराया जाए। बैठक जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में की जाए। किसी भी सूरत में यूनिफार्म वितरण में कोताही नहीं बरती जाए। 15 जुलाई से पूर्व सभी छात्र छात्राओं को एक-एक जोड़ी यूनिफार्म आवश्यक रूप से वितरित कर दी जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि समय पर यूनिफार्म वितरित नहीं होने पर प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीएम ने जुलाई के पहले सप्ताह में ही बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराने को कहा है। शिक्षा विभाग के अफसरों को दो जुलाई से शुरू हो रहे शिक्षा सत्र की तैयारी में अभी से जुटने को कहा गया है। जिला समन्वयक सामुदायिक एवं सहभागिता मित्रलाल गौतम ने शासन से आए निर्देशों के बारे में अवगत किया गया। बैठक में एडीएम प्रशासन विनोद गौड़, एडीएम राजस्व अवधेश मिश्रा, डीआईओएस राजेश कुमार, बीएसए महेश चंद्र, जिला समन्वयक मित्रलाल गौतम, जिला समन्वयक सलीम अख्तर बेग सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।