अमरोहा। जिले के 500 से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन नहीं मिला है। अधिकारियों पर बजट होने के बावजूद वेतन नहीं देने का आरोप लगाते हुए पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने विकास भवन पर प्रदर्शन कर धरना दिया।
इसके बाद संघ के जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी को अपनी कई मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। अनुसूचित जाति के 538 सफाई कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को सैकड़ों सफाई कर्मचारी विकास भवन पर जमा हुए। इस दौरान हाथों में मांगें लिखी तिख्तियां लिए और नारे लगाते हुए सफाई कर्मचारियों ने विरोध जताया। धंटेभर तक विरोध-प्रदर्शन के बाद सफाई कर्मचारी धरने पर बैठ गए। और अपनी मांगों के समर्थन में मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया है कि अप्रैल में बजट जारी किए जाने के बावजूद अनुसूचित जाति के 538 सफाई कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन नहीं दिया गया है। इससे सफाई कर्मचारियों में बेहद रोष है। मांग की गई है कि कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन दिलाया जाए। और हर माह मिलने वाले वेतन की एक तिथि निश्चित की जाए। अन्यथा कर्मचारी जोरदार आंदोलन करेंगे। धरने पर दुष्यंत कुमार, राजीव कुमार, धर्मपाल सिंह, मोहम्मद इस्लाम, इंद्रपाल सिंह, सुनीता रानी, विजेंद्र चंद्रा, जगदीश सिंह, नरेशचंद्र, मुरारी, नेपाल सिंह, संतरपाल सिंह, चंद्रपाल, ब्रजेश, नौ सिंह, तेजपाल सिंह, रवेंद्र सिंह, राजेंद्र मौजूद रहे।