71 लोगों का शांतिभंग में चालान
कोतवाली देहात। गांव गारवपुर में बूढ़े बाबा के देवस्थल पर लगे लाउड स्पीकर के विवाद के निस्तारण के लिए पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया है। पुलिस ने तनाव को देखते हुए गांव के 71 लोगों का शांतिभंग की आशंका में 50-50 लाख रुपये में मुचलका पाबंद करने की रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में भेजी है।
क्षेत्र के गांव गारवपुर में मुस्लिम संप्रदाय के लोगों ने एसपी कार्यालय में शिकायत की थी। जांच के बाद पुलिस ने तीन दिन पूर्व लाउड स्पीकर उतरवा दिया था। तभी से गांव में दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। अधिकारियों ने वार्ता के लिए हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डॉ. एनपी सिंह समेत दोनों पक्षों के संभ्रांत नागरिकों को बुलाया था लेकिन कोई सहमति नहीं बनी। मंगलवार को एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष की एक महिला, एक व्यक्ति से मारपीट की गई थी। सीओ नगीना महेश कुमार, एसडीएम नगीना डॉ. गजेंद्र सिंह ने इस मामले में अब सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने बूढ़े बाबा देव स्थल के अध्यक्ष मान सिंह समेत 26 हिंदुओं व ग्राम प्रधान शकील अहमद समेत 45 मुस्लिम लोगों के विरुद्ध 107/116 की कार्यवाही करते हुए एसडीएम को सभी 71 लोगों को 50-50 लाख रुपये का मुचलका पाबंद करने की संस्तुति भेज दी है।