नांगलसोती/मंडावली। सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजना का पात्रों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत नांगलसोती के गांव जीतपुर, अभिपुरा और मंडावली के गांव मोहनपुर में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ ने उज्ज्वला योजना और विद्युत कनेक्शन की सौभाग्य योजना की प्रगति की समीक्षा की।
नांगलसोती के गांव जीतपुर और अभिपुरा में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने विद्युत निगम और आपूर्ति विभाग को बिजली कनेक्शन देने की सौभाग्य योजना और उज्ज्वला योजना के पात्र परिवारों को बिजली और गैस कनेक्शन तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। सीडीओ ने ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम जीतपुर में प्रधान ममता देवी और अभिपुरा में प्रधान सुनील कुमार की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जीतपुर में उज्ज्वला योजना के 19 पात्रों, अभिपुरा में 42 पात्रों को गैस कनेक्शन दिए गए। उधर बिजली कनेक्शन के सौभाग्य योजना के अंतर्गत जीतपुर में 12 और अभिपुरा में 24 पात्रों को बिजली कनेक्शन दिए गए। बीडीओ अशोक कुमार मौर्य के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में बिजली विभाग की ओर से एसडीओ अशोक कुमार, एडीओ अनिल कुमार सहित क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
उधर मंडावली के गांव मोहनपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर डीपीआरओ मनीष कुमार, एडीओ अनिल कुमार, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित ग्राम स्वराज योजना कार्यक्रम में सीडीओ ने पूर्ति विभाग और विद्युत विभाग की उदासीनता पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चयनित पात्रों को तत्काल विद्युत और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में गैस एजेंसी स्वामी मनोहर लाल, ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।