बिजनौर। जिले के 72 परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए फर्नीचर जल्द ही मिलेगा। इसके लिए बीएसए ने स्कूलों के लिए आई 1,12,39200 रुपये की धनराशि स्कूलों के विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में हस्तांतरित कर दी है। फर्नीचर की खरीदारी विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से होनी है।
उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की बैठक व्यवस्था के लिए बैंच व डेस्क उपलब्ध कराने के शासन के आदेश हैं। प्रथम चरण में जिले के 72 स्कूल चिह्नित किए गए हैं। इन स्कूलों के लिए शासन ने 1,12,39200 रुपये की धनराशि बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराई थी। ब्लाक हल्दौर, अफजलगढ़, अल्हैपुर, नजीबाबाद, नहटौर, नूरपुर व जलीलपुर विकास क्षेत्र के स्कूल चिह्नित किए गए हैं। बीएसए महेश चंद के मुताबिक चिह्नित किए गए प्रत्येक स्कूल को एक लाख 56 हजार 100 रुपये आवंटित किए गए हैं।
स्कूलों के विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में शासन से आई धनराशि भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि फर्नीचर की खरीदारी में शासन से आए मानक का ध्यान रखा जाएगा। प्रथम चरण में जिले के 72 स्कूलों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। प्रत्येक स्कूल में 35-35 बैंच और डेस्क खरीदी जाएंगी। इन स्कूलों के बच्चे भी कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर बैंच और डेस्क पर बैठेंगे। बच्चों को टाट पट्टी से छुटकारा मिलेगा।