बिजनौर। मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के अब दिन बदलने वाले हैं। बिजनौर से लेकर मीरापुर तक की गड्ढायुक्त सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए शासन ने पहल कर दी है। सांसद भारतेंद्र सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने इसका शुभारंभ भी कर दिया है।
शनिवार को सड़क के गड्ढे भरने की शुरुआत बैराज रोड़ स्थित एक पैट्रोल पंप के सामने से सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष वेदप्रकाश विश्वकर्मा के अनुसार गड्ढे भरने के बाद पूरी सड़क पर लेयर बिछाने का कार्य किया जाएगा। बिजनौर से लेकर मीरापुर तक यह जर्जर हालत में है। इससे लोगों का इस सड़क पर चलना दूभर हो गया है। वाहन रेंगने को मजबूर हैं। शीघ्र ही इस सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। सरकार की नीति के तहत इस सड़क के जख्म भरने के बाद लोगों को काफी राहत मिलने वाली है।
इस अवसर पर भुवेंद्र चौधरी, जितेंद्र राजपूत, दीपक गर्ग मोनू, सभासद राजेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अनिल विश्नोई, संदीप, हुकुम सिंह, नरेंद्र पहलवान, लवकुश आदि मौजूद रहे।