धामपुर। सरकार के आदेश पर राजस्व विभाग ने जीपीएस प्रणाली के तहत तहसील के 905 गांवों में पहले से लगे यूनिकोड सीमांकन हद्दों ( स्तंभों ) के सत्यापन का कार्य अभियान के रूप में शुरू कर दिया है। 15 मई तक जिले में यह कार्य हरहाल में पूरा होना है। सत्यापन के दौरान जहां पर पहले से लगे सीमांकन हद्दे गायब हो गए हैं। वहां पर नए लगेंगे। जहां टूटे है, उनकी मरम्मत होगी। अब तक हुए सत्यापन में करीब 25 प्रतिशत से ज्यादा हद्दे गायब हैं। इस कार्य को अपडेट करने के बाद ऑनलाइन कर दिया जाएगा। ऐसा करने से कोई भी व्यक्ति अपने खेत या गांव की स्थिति को एक क्लिक कर कहीं से भी देख सकता है।
तहसीलदार भान सिंह ने बताया कि सरकार के आदेश पर अब गांवों में लगे सीमांकन हद्दों को जीपीएस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। जिससे देश के किसी भी कोने में बसे व्यक्ति अपने खेत और मूल गांव को देखने में आसानी हो सकें। विभाग ने इनका सत्यापन अभियान फरवरी के अंत से शुरू कर दिया गया है। अब तक करीब 30 प्रतिशत से ज्यादों गांवों के लगे सीमांकन हद्दों का सत्यापन किया जा चुका है। इनमें से 25 प्रतिशत से ज्यादा हद्दे गायब मिले हैं। कुछ टूटे है। सत्यापन कार्य सही प्रकार से हो रहा है या नहीं , इसके लिए इस कार्य में लगी टीमों से सीमांकन हद्दा स्थलों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। कार्य की प्रगति से डीएम को अवगत कराया जा रहा है। शासन स्तर से इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
200 लेखपाल , 10 राजस्व निरीक्षक लगे है सत्यापन कार्य में
तहसीलदार ने बताया कि बिजनौर जिले की पांचों तहसीलों में से धामपुर तहसील को 22 राजस्व क्षेत्रों में बांटा गया है। यहां पर कुल 905 गांव है। इन सभी गांवों में सीमांकन हद्दों के सत्यापन को 200 लेखपालों और 10 राजस्व निरीक्षकों को लगाया गया है। निर्देशित किया गया है कि वह गांवों में जाकर पहले से लगे सीमांकन हद्दों का मौके पर पहुंच कर सत्यापन करें। इन हद्दों की फोटोग्राफी अवश्य हो। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
नए सीमांकन हद्दों पर होगा 19 अंकों का यूनिकोड
तहसीलदार ने बताया कि सत्यापन के बाद जहां पर नए सीमांकन हद्दे लगेंगेे। उन हद्दों पर 19 अंकों का यूनिकोड होगा। इन हद्दों को स्थापित कराने के बाद इस यूनिकोड को आनलाइन किया जाएगा। इस यूनिकोड और हद्दों को निर्धारित अक्षांश और देशांतर के हिसाब से संबंध किया जाएगा। जिससे ऐसा होने से कोई भी व्यक्ति देश के किसी भी कोने से अपने खेत, जंगल या गांव की स्थिति का आसानी से आंकलन कर सकता है।
तहसील में 905 गांव और 1596 सीमांकन हद्दे
तहसीलदार ने बताया कि धामपुर तहसील के सभी 905 गांवों में 1596 सीमांकन हद्दे स्थापित है। अब तक 50 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। अब तक सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर लगभग 25 प्रतिशत से ज्यादा हद्दे गायब है या टूटे हुए है।
गांवों की सीमा प्रदर्शित करते है हद्दे
तहसीलदार ने बताया कि यह सीमांकन हद्दे गांवों के बाहर स्थापित रहते है। इन हद्दों से पता लगता है कि अब किस गांव की सीमा है और इन हद्दों के पार कर देने से कौन से गांव की सीमा शुरू होगी।