बिजनौर। अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्मार्ट फोन व पोर्टल से निगरानी की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हाथ में स्मार्ट फोन नजर आएंगे। स्मार्ट फोन से ही ऑन लाइन पोर्टल से आंगनबाड़ी सारा काम करेंगी। केंद्र खोलने से लेकर बच्चों की हाजिरी व योजनाओं के संचालन का काम भी ऑन लाइन ही होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लापरवाही को खत्म करने व योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर अक्सर लापरवाही के आरोप लगते रहते हैं। विभागीय अधिकारियों की चेकिंग में अक्सर आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिलते हैं। इसके अलावा योजनाओं के संचालन में छोटी छोटी जानकारी लेने के लिए जिले भर की कार्यकर्ताओं को जिला या ब्लॉक मुख्यालय पर आना पड़ता है। केंद्र सरकार ने इसे खत्म करने के लिए पहल की है। पोषण मिशन योजना के अंतर्गत अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन द्वारा स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। ये स्मार्ट फोन शासन के एक पोर्टल से जुड़े रहेंगे। इस पोर्टल के माध्यम से ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर इन कार्यकर्ताओं की निगरानी की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति भार्गव के अनुसार पोषण मिशन योजना में देश के सभी जिलों को शामिल किया गया है। उसी के अंतर्गत यह व्यवस्था की जाएगी। मोबाइल मिलने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजनाओं का क्रियान्वयन करने में आसानी होगी।
ऐसे होगा काम
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को केंद्र खुलने पर बच्चों का फोटो पोर्टल के माध्यम से ही ऑन लाइन खींचना होगा। यह फोटो खुद ही शासन को अपलोड हो जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं अतिकुपोषित बच्चों व गर्भवती महिला के माता-पिता से भी घर जाकर काउंसिलिंग करनी होती है। वहां जाकर भी फोटो खींचना होगा। अगर आंगनबाड़ी 17 मिनट एक घर में नहीं लगाएगी तो यह काउंसिलिंग निरस्त मानी जाएगी। एक आंगनबाड़ी को हफ्ते में कम से कम सात काउंसिलिंग करनी होगी। ऐसा न करने वाली कार्यकर्ता की रिपोर्ट सीधे विभाग के सचिव के सामने पोर्टल पर चली जाएगी। कार्यकर्ता नौ तरह के रजिस्टर बनाती थीं, लेकिन अब इन रजिस्टर का काम ऑन लाइन पोर्टल पर ही किया जाएगा।
पोर्टल पर ही दी जाएगी जानकारी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण के काम में स्वास्थ्य विभाग की मदद भी करती हैं। इनके टीकाकरण की जानकारी भी पोर्टल पर ही दी जाएगी। इसके बाद शासन स्तर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चे व महिला के अगले टीकाकरण के लिए दिशा निर्देश दिए जाएंगे। जिले में 3236 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें करीब ढाई लाख बच्चे आते हैं। अतिकुपोषित गर्भवती महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता परामर्श देती हैं। कुपोषण को खत्म करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।