मंडावली/नजीबाबाद । मानसिक रूप से अस्वस्थ अचानक घर से लापता हुई युवती का शव गांव के ही पास नहर रजबहे से मिला ।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव कांठपुर निवासी मथुरा सिंह की 27 वर्षीय पुत्री धनवती पिछले काफी समय से अस्वस्थ थी। परिजनों के अनुसार उसे अक्सर दौरे भी पड़ते थे। रविवार सुबह शौच के लिए गई धनवती अचानक लापता हो गई। परिजन युवती को आसपास के क्षेत्रों में तलाशते रहे और बाद में पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। सोमवार को दोपहर गांव की आबादी के निकट डॉ. जयराम के क्लीनिक के पीछे नहर रजबहे में युवती का शव पड़ा मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। अनुमान है कि युवती शौच के लिए आई थी। तभी अचानक अनियंत्रित होकर रजबहे में गिर गई। युवती का चार-पांच माह पहले विवाह हुआ था। बाद में पति ने उसे छोड़ दिया था। तब से वह मायके में पिता के पास ही रह रही थी। मृतका के भाई योगेंद्र सिंह ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया।