गणित के पेपर में परीक्षा केंद्रों को घेरे रहे उड़नदस्ते
बिजनौर। बोर्ड परीक्षा में प्रशासन की सख्ती रंग ला रही है। हाईस्कूल गणित के पेपर में कोई नकलची नहीं मिलने से प्रशासन के हौसले बुलंद हैं। शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते गणित के पेपर में दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीण परीक्षा केंद्रों को घेरे रहे। अफजलगढ़ क्षेत्र में उड़नदस्तों ने पेपर शुरू होने से घंटों पहले ही केंद्रों की घेराबंदी कर ली थी। जिले में अब तक मात्र दो नकलची पकडे़ गए हैं। मंगलवार की परीक्षा में 3443 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे हैं।
मंगलवार को हाईस्कूल का गणित का पेपर था। शासन के गणित, विज्ञान, अंग्रेजी के प्रश्नपत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय था। डीएम अटल कुमार राय ने भी डीआईओएस को पुख्ता व्यवस्था करने की हिदायत दी थी। डीएम के कड़े रूख को देखते हुए उड़नदस्तों का निशाने पर दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीण परीक्षा केंद्र रहे। डीआईओएस राजेश कुमार ने आकू, खुशहालपुर भटियाना, जैतरा, मनकुआ, कुंडीपुरा केंद्रों का निरीक्षण किया। एडीआईओएस सत्यवीर सिंह अपनी टीम को लेकर परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले अफजलगढ़ पहुंच गए थे। उन्होंने सादकपुर, मोहम्मदपुर राजौरी, रामनगर केंद्रों पर छापामारी की है। कहीं कोई नकलची नही मिला है।
जिले में 18314 ने छोड़ी परीक्षा
बिजनौर। जिले में अब तक 18314 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ चुके हैं। अब तक मात्र दो नकलची पकड़े गए हैं। प्रशासन को जिले के 120 केंद्र पर हाईस्कूल गणित के पेपर में कोई नकलची नहीं मिलने का आगे की परीक्षा नकलविहीन कराने को मजबूती मिलेगी। हाई स्कूल गणित में 2936 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर गृहविज्ञान द्वितीय व कृषि वनस्पति विज्ञान द्वितीय मेें 502 व औद्योगिक संगठन में मात्र पांच परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। छह फरवरी से बोर्ड की परीक्षा शुरू हुई थी। आठ दिन में मात्र दो नकलची पकड़े गए।