बिजनौर। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ ने जनपद बुलंदशहर के डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम डीआईओएस को मांग पत्र सौंपा है। पत्र में कार्रवाई न होने पर यूपी बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनेश त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष मयूर मलिक व जिला मंत्री विनेद कुमार के नेतृत्व में शिक्षक डीआईओएस कार्यालय पर एकत्रित हुए। शिक्षकों ने डीआईओएस को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंप कर जनपद बुलंदशहर के डीआईओएस के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पत्र में कहा गया है कि 13 जनवरी को बुलंदशहर में डीआईओएस व कॉलेज के प्रबंधक के उत्पीड़न तंग आ कर एक शिक्षक ने आत्महत्या कर ली थी, पर अभी तक डीआईओएस के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि संघ के प्रांतीय अधिवेशन में भी डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। पत्र में कहा गया है कि यदि डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संघ छह फरवरी से प्रस्तावित यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का बहिष्कार करेगा। इस मौके पर शिक्षक नेता गयूर आसिफ, सुधांशु वत्स, राजेंद्र सोलंकी, आनंद कुमार, अतुल रस्तोगी, नरेंद्र सिंह व मोहित शर्मा सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।