बिजनौर । राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन ने दिव्यांगता दिवस को काले दिवस के रूप में मनाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सत्येंद्र कुमार को देकर पेंशन बढ़ोतरी और आरक्षण कोटा लागू कराने की मांग की।
टाउन हॉल में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष एमआर पाशा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकलांगों की अनदेखी कर रही हैं। सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसलिए राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन आज के दिन को काला दिवस के रूप में मना रही है। बैठक का संचालन प्रदेश संयोजक इमरान झोझा ने किया। इसके बाद सदस्य नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दिव्यांग आयोग बनाकर दिव्यांग को इसका अध्यक्ष बनाने, राज्यसभा, लोकसभा, विधानसभा और विधान परिषद में विकलांगों को चार प्रतिशत आरक्षण देने, उच्च स्तर की शिक्षा नि:शुल्क करने, विकलांगों की पेंशन तीन हजार रुपये मासिक करने की मांग की। इस दौरान रियासत राणा, सजाकत हुसैन, रोहिताश, दीपा, शकील, सुहैल मलिक, आशा देवी, जितेंद्र कुमार, रणधीर सिंह आदि मौजूद रहे।