खुद को अफसर बता कर जनता से ठगी करने वाला नटवरलाल गिरफ्तार
अमरोहा।
नौकरी लगवाने के नाम पर खुद को अफसर बताकर जनता से ठगी करने वाले नटवरलाल को अमरोहा देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नगदी समेत ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले फर्जी कागजात बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में खुलासा किया।
13 अक्तूबर 2017 को रियाजुद्दीन पुत्र सरदार खां निवासी ग्राम अदलपुर ताज थाना अमरोहा देहात जनपद अमरेाहा द्वारा थाना अमरोहा देहात को तहरीर दी थी। जिसमें उसका कहना था कि सोनू उर्फ संदीपलाल नाम के व्यक्ति से उसकी जान पहचान थी। सोनू अक्सर उसकी दवा की दुकान पर आता था और स्वयं को बिजली विभाग का अवर अभियंता बताता था। इसके चलते आठ अक्तूबर को सोनू उसकी दुकान पर आया और अपने पिता का एक्सीडेंट हो जाने का बहाना करके उससे 68000 रुपये और उसकी बाइक मांगकर ले गया। इसके बाद सोनू वापस नहीं लौटा। छानबीन में पता चला कि सोनू उर्फ संदीपलाल ने विजयपाल सिंह पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम दाउद सराय थाना नौगावां सादात जनपद अमरोहा से भी 40,000 रुपये ठग लिए हैं। तब उसे भी ठगे जाने का एहसास हुआ। इस मामले में पुलिस ने सोनू उर्फ संदीपलाल के खिलाफ धोखाधड़ी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। पुलिस सोनू की तलाश में जुट गई। पुलिस ने सोमवार की सुबह अभियुक्त सोनू उर्फ संदीप पाल उर्फ रणधीर निवासी ग्राम दबोई थाना असमौली जिला संभल को ग्राम कैलसा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। इसके कब्जे से हिना मेडिकल स्टोर से ले जाई गई बाइक के अलावा 4300 रुपये, सोने की अंगूठी, दो मोहर, दो मोबाइल, अन्य जाली कागजात व बैंक भर्ती के विज्ञापन, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, अलग-अलग सात व्यक्तियों के 24 फोटो आदि बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्त स्वयं को बिजली विभाग में जेई, पुलिस विभाग का सीओ एवं बैंक अधिकारी आदि बताकर जनता से नौकरी लगवाने के नाम पर बहुत से लोगों से पैसे ठगकर उन्हें अपना शिकार बना चुका है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, उप निरीक्षक सोहन सिंह पुंडीर, अवध बिहारी, कांस्टेबिल जसपाल सागर, वीरेश कुमार आदि शामिल हैं।