नजीबाबाद को स्वाहेड़ी से जोड़ने की तैयारी
बिजनौर।
एक सप्ताह में नजीबाबाद तहसील को स्वाहेड़ी बिजलीघर से जोड़ दिया जाएगा। तकनीकी टीम इसकी तैयारियों में जुटी है। बिजनौर और चांदपुर तहसील को पहले ही स्वाहेड़ी बिजलीघर से जोड़ा जा चुका है। नजीबाबाद तहसील के जुड़ने के बाद नहटौर बिजलीघर का लोड 329 एमवीए कम हो जाएगा।
अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन अखिल महरोत्रा के अनुसार स्वाहेड़ी बिजलीघर की क्षमता 400 एमवीए है। बिजलीघर पर 200-200 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर रखे हैं। 200 एमवीए के एक ट्रांसफार्मर को चार्ज करके पहले ही बिजनौर और चांदपुर तहसील को स्वाहेड़ी से जोड़ा जा चुका है। अब दूसरे 200 एमवीए ट्रांसफार्मर को चार्ज कर नजीबाबाद तहसील को जोड़ने की तैयारी है। इस काम में तकनीकी टीम दिन रात लगी है। अभी तक जिले के बिजलीघर नहटौर से जुड़े थे। नहटौर बिजलीघर से 978 एमवीए लोड जुड़ा था। नजीबाबाद तहसील के स्वाहेड़ी से जुड़ने पर नहटौर बिजलीघर का लोड 329 एमवीए कम हो जाएगा। अखिल महरोत्रा ने बताया कि स्वाहेड़ी बिजलीघर से कोई ट्रिपिंग नहीं हो रही है। स्वाहेड़ी बिजलीघर से आखिरी ट्रिपिंग 31 जुलाई को हुई थी। अब ट्रिपिंग की वजह लोकल समस्या है।
मोरना बिजलीघर अक्टूबर में होगा चालू
मोरना में नवनिर्मित बिजलीघर अक्टूबर मेें चालू हो जाएगा। मोरना बिजलीघर की क्षमता 80 एमवीए है। बिजलीघर पर 40-40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। मोरना बिजलीघर स्वाहेड़ी बिजलीघर से जुड़ेगा। मोरना बिजलीघर चालू होने के बाद ताजपुर क्षेत्र का लोड कम हो जाएगा। लोगों को लो वोल्टेज से राहत मिल जाएगी।