अफजलगढ़/कासमपुरगढ़ी। क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को नमाज पढ़कर लौट रहे वृद्ध समेत 10 लोगों पर कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। उनका सीएचसी और पीएचसी पर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाकर उपचार किया गया।
गांव मेघपुर में वृद्ध फरीद अहमद को सुबह छह बजे नमाज पढ़कर लाैटते समय कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों से कुत्तों के झुंड को खदेड़कर वृद्ध की जान बचाई। वृद्ध को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके अलावा कुत्तों ने हुकम सिंह निवासी आलमपुर, शादाब निवासी अफजलगढ़ को काटकर घायल कर दिया।
दूसरी ओर कासमपुर गढ़ी क्षेत्र में कुत्तों ने कासमपुर गढ़ी निवासी जय (10), तेज (10), मानियावाला निवासी वकील (40), जिकरीवाला निवासी नफीसा (55), धारा निवासी एकमवीर (12), गढ़वावाला निवासी चमनो देवी (70) तथा रेहड़ निवासी लवकुश (34) को काटकर घायल कर दिया। उनका पीएचसी कासमपुरगढ़ी में चिकित्सकों ने उपचार किया। उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। संवाद