पाली। क्षेत्र के पकड़ी खुर्द गांव में मंगलवार देश शाम एक युवक ने अबूझ हाल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के साले ने घरेलू कलह में मौत को गले लगाने का आरोप लगाया है।
पकड़ी खुर्द गांव निवासी शेषमणि यादव (26) मुंबई रहकर जीविका पालन करता था। इन दिनों वह गांव आया था। मंगलवार देर शाम वह घर पर ही था। इसी बीच उसने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थोड़ी देर बाद जब परिजनों को पता चला तो कोहराम मच गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद पाली चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पाली चौकी प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उधर बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के खेमईपुर गांव निवासी साले मनोज यादव ने कहा कि पारिवारिक कलह के कारण शेषमणि ने फंदा लगा लिया। पोस्टमार्टम हाउस पर भारी भीड़ जुटी थी।