भदोही। स्वामी विवेकानंद जयंती पर मंगलवार को भाजपाजन ने नईबाजार के स्वामी विवेकानंद चौराहे की साफ सफाई कर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उनके संकल्पों को पूरा करने की बात कही गई। माल्यार्पण करने के बाद लोगों ने मिठाइयां बांटी।
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिलीप दूबे ने कहा कि स्वामी के लिए केवल राष्ट्र पहले था। उन्होंने हमेशा युवाओं को इसकी सीख दी। उनके ज्ञान के आधार पर पूरे विश्व ने उन्हें गुरू माना। यही कारण है कि वे देश के युवाओं मे मन मष्तिष्क में बसे हुए हैं। वे विश्व में भारतीय संस्कृति और परंपरा का ज्ञान बांटने के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। हम सब उनका कोटि कोटि नमन करते हैं। इस मौके पर शक्ति दूबे, राजू सोनकर, मुन्नू दूबे, अमन दूबे, अजीत दूबे, विकास दूबे, राहुल सिंह, प्रकाश गौतम, बनारसी गौतम, चरित्र सोनकर आदि शामिल रहे। भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर छात्र-छात्राओं ने उनका नमन किया। इस मौके पर पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी संदेश योगी ने कहा कि स्वामी जी चरित्र निर्माण से राष्ट्र निर्माण चाहते थे। वे युवाओं के प्रेरणाश्रोत थे और बने रहेंगे। विद्या धन अर्जित करने के पहले उन्होंने युवाओं को स्वस्थ रहने की सीख देते थे। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जीवन चाहे छोटा ही हो, लेकिन अपने कर्म के आधार बड़ा होना चाहिए। स्वामी जी कम उम्र में ही अपने कर्म से कालजयी हो गए। भले ही आज उनका भौतिक शरीर हमारे बीच नहीं है लेकिन उनकी चेतना, उनकी इच्छाएं, उनके विचार सबके लिए प्रेरणाश्रोत हैं और हमेशा रहेंगे। इस अवसर पर अनु मिश्रा ने भी विचार व्यक्त किए। छात्रों में शिवम शुक्ला, प्रद्युम्न, अलसफा, शिवानी ने स्वामी जी के जीवन पर प्रकाश डाला।