भदोही कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जहर खाकर जान देने वाले युवक की पत्नी समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर जान दी। मामले में पुलिस की ओर से सुनवाई न होने पर पीड़ित कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
भदोही कोतवाली के गुलौरा नई बाजार निवासी सुनील कुमार सिंह के बेटे राजन चौहान की शादी सात सितंबर, 2016 को बेलवा कपसेठी निवासी जवाहिर की पुत्री धर्मशिला के साथ हुई थी। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने बेटे की शादी बिना दहेज के किया था। दोनों का एक छह साल का बेटा भी है।
शादी के बाद से ही उनके बेटे की पत्नी मायके वालों के प्रभाव में रहकर उनके बेटे से विवाद करती थी और अलग होकर रहने का दबाव बनाती थी। छह महीने पहले परिवार की सहमति के बिना मायके चली गई और कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज करा दिया। उनके बेटे को इसकी जानकारी हुई तो वह ससुराल पहुंचा।
आरोप है कि वहां पर उनकी पत्नी धर्मशिला के साथ उसकी सास विमला, साला सूर्यभान व उसकी पत्नी माला और बेटे की पत्नी के जीजा मंगला व उसकी पत्नी उषा ने उसे प्रताड़ित किया और जान से मारने का भी प्रयास किया। जिससे मानसिक दबाव में आकर उनके बेटे ने जहर खा लिया। वे लोग उसे अस्पताल ले गए, लेकिन 13 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई।
पुलिस में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पत्नी धर्मशिला समेत सभी छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।