ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेश कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें 15 से 21 जून तक ब्लॉक, नगर निकाय, तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि इस बार ‘योग फॉर वन अर्थ वन हेल्थ’ के तहत योग दिवस आयोजित होगा। सभी विभाग इसके लिए अभी से माइक्रोप्लान तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब आम जनमानस अपनी जीवन शैली में एक निरंतर प्रक्रिया के रूप में योग को अपनाएंगे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम एवं नोडल अधिकारी नित्यानन्द यादव ने 15 से 21 जून तक मनाए जाने वाले योग सप्ताह पर प्रतिदिन होने वाले आयोजन की जानकारी दी।
बताया कि 15 जून को मुंसीलाॅटपुर स्टेडियम में शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद 16 से 21 तक अलग-अलग स्थानों पर आयोजन होंगे। 21 जून को विभूति नारायण इंटर कॉलेज के मैदान वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम होगा। इस मौके पर सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, सीएमओ डॉ. एसके चक, डीपीआरओ संजय मिश्रा, डीआईओएस अंशुमान समेत अन्य अधिकारी एवं संगठन के लोग मौजूद रहे।