ज्ञानपुर।जिलाधिकारी सुरेश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन संबंधी कार्यो की बैठक हुई। इसमें अब तक हुई प्रगति की समीक्षा के दौरान डीएम ने अफसरों को हिदायत दी कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
डीएम सुरेश कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर 1000 पुरुष मतदाताओं पर 950 महिला मतदाता हैं जबकि मतगणना में यह आंकड़ा एक हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 814 हो रही है। डीएम ने कहा कि यह गंभीर विषय है। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में लगने वाले अफसरों से कहा कि 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने डीएम को अवगत कराया कि गूगल मैपिंग का कार्य 1169 के सापेक्ष 550 की हो चुकी है, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशिक्षण के लिए चिन्हित अधिकारियों एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ, खंड शिक्षा अधिकारी और नायब तहसीलदार को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण की तिथि अवगत कराएं। एडीएम हरिलाल यादव, एसडीएम केशवनाथ, प्रवरशील बरनवाल आदि रहे।