सुबह के समय आसमान में छाए बादल। संवाद
ज्ञानपुर। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण मौसम ने फिर से करवट बदला है। बृहस्पतिवार की रात से ही शीतलहर का कहर जारी रहा। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल मंडराए। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में सात डिग्री तो न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री की कमी आई है। 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं के कारण गलन बढ़ गई। बुधवार और बृहस्पतिवार की सुबह कोहरा छाया रहा। दोपहर के 12 बजते-बजते धूप निकलने के बाद लोगों को राहत मिल जाती थी। शुक्रवार की सुबह शीतलहर से हुई। बादलों की जमघट ने ठिठुरन बढ़ा दी। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि मौसम में बदलाव होने का मुख्य कारण पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी है। बीते सात दिन से मौसम में बदलाव हुआ है। बादल के कारण न्यूनतम तापमान में कमी आई है।
गेहूं के लिए फायदेमंद है ये मौसम
बेजवां के कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि यह मौसम गेहूं की फसल के लिए फायदमेंद है। ठंड में वृद्धि होने से फसल का उत्पादन अच्छा होगा। मकर संक्रांति के बाद नियमित धूप खिल रही थी, इससे तापमान में उतार चढ़ाव की स्थित बनी थी। जो किसानों के लिए चिंता का विषय था। यह मौसम चना, मटर, गेंहू के लिए उत्तम है।
बीते 7 दिन इस तरह रहा तापमान
दिनांक - अधिकतम - न्यूनतम
30 जनवरी - 16.1 - 10.2
29 जनवरी - 23.1 - 13
28 जनवरी - 25.1 - 11.1
27 जनवरी - 24.9 - 10.8
26 जनवरी - 24 - 11
25 जनवरी - 24 - 10
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है।