स्टेशन रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या से आने वाले समय में निजात मिलने की उम्मीद है। नाली के निर्माण के बाद बारिश के दिनों में आवागमन सुगम होगा।
यहां 25 लाख रुपये की लागत से करीब 100 मीटर तक नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रकिया पूरी हो चुकी है। जल्दी ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है। गोपीगंज नगर में 25 वार्ड हैं। यहां करीब सवा लाख की आबादी निवास करती है। नगर क्षेत्र में वैसे तो इंटरलाकिंग, नाली आदि का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन स्टेशन रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। इस समस्या की तरफ से अब ध्यान गया है। यह समस्या भी जल्दी ही खत्म होने वाली है।
नाली न होने के कारण बरसात में पानी दुकानों और घरों में घुस जाता था। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन के दौरान परेशानी होती थी। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को देखते हुए चेयरमैन से नाली के निर्माण की मांग।
इसके बाद बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा गया। सभासदों के अनुमोदन पर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। बजट की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई है। अब जल्दी ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
स्टेशन रोड पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है।
चेयरमैन जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि बजट की स्वीकृति मिल गई है। जल्दी ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।