कोइरौना बाजार में ठप पड़ी पेयजल इकाई को चालू कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
वहिदानगर। माह भर से ठप पड़ी कोइरौना पेयजल इकाई से जलापूर्ति न होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने जेई की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि समस्या पर ध्यान न दिया गया तो एक्सईएन का घेराव किया जाएगा। ग्रामीणों के मुताबिक पेयजल इकाई ठप होने से 14 गांवों की लगभग 10 हजार आबादी में पेयजल किल्लत हो गई है।
कोइरौना समूह पेयजल इकाई का मोटर एक महीने से खराब पड़ा है। ग्रामीणों ने कई बार गुहार लगाई, लेकिन मोटर नहीं बदला गया। इससे इकाई से जुड़े 14 गांवों में पेयजल आपूर्ति का संकट गहरा गया है। पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को इकाई के पास एकजुट होकर जेई के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुड्डू स्वर्णकार, शीतला प्रसाद आदि ने आरोप लगाया कि पिछले महीने इकाई का दूसरा मोटर रखरखाव के अभाव में जल गया था। शिकायत पर विभागीय कर्मी मोटर को खोल ले गए, लेकिन अब तक उसे लगाया नहीं गया। आरोप है कि शिकायत करने पर ऑपरेटर ग्रामीणों को वापस लौटा देता है।
क्षेत्र के बब्बन मिश्रा ने कहा कि मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की गई, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। तटवर्ती क्षेत्र के प्रमुख बाजार कोइरौना में लगी उक्त इकाई की स्थापना इसी उद्देश्य से की गई थी कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिले। उपेक्षा का परिणाम है कि 30 गांवों को इकाई से जोड़कर राजस्व की वसूली की जा रही है और एक माह से रइयापुर, कलिंजरा, मानशाहपुर, खेदौपुर, गोलखरा, भावापुर, मंझगवां, प्रतापशाहपुर समेत 14 गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप है। चेतावनी दी कि एक सप्ताह में मोटर को बदलवाकर पेयजल व्यवस्था बहाल न की गई तो ग्रामीण एक्सईएन का घेराव करने के लिए विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में ओमप्रकाश सेठ, राजधर पांडेय, खिलाड़ी लाल, लालमणि, विवेक यादव सरदार अहमद, देवतालाल पासी,रजनीश यादव, अनिल कुमार आदि रहे। एक्सईएन रामबिहारी अग्रवाल ने बताया कि दोनों मोटरों को वर्कशॉप में भेजा गया है, मिलने पर लगा दिया जाएगा।