चौरी। थानाक्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार की रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह पुलिस ने मौका-मुआयना किया।
बरदहां गांव निवासी ब्रह्मानंद पटेल की बरदहां बाजार में सहज जनसेवा केंद्र है। पीड़ित ने बताया कि हर रोज की तरह बुधवार की शाम दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोर केंद्र का ताला तोड़कर एक लाख नकद उठा ले गए। बताया कि पास के बिल्डिंग मैटीरियल के कलेक्शन का पैसा केंद्र के लाकर में रखा था। इसी तरह पाल चौराहा पर जेडी ब्यूटी पार्लर का ताला तोड़कर पांच हजार नगद और 10 हजार का सामान चोर उठा ले गए। वहीं नजदीक के दीपक गुप्ता के किराना की दुकान से चोर एक कीमती मोबाइल के अलावा पांच हजार के सामानों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने बताया कि चोरों ने दो जगह मास्टर चाबी का प्रयोग किया। भदोही-वाराणसी मार्ग पर मानिकपुर, रोटहा, कोल्हण, चौरी बाजार और बरदहा में गुजरे दो माह में 25 से अधिक चोरी की घटनाएं हुईं, लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की उदासीनता से चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। थानाध्यक्ष रामदरस ने कहा कि पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। जांच की जा रही है।