जिले के 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। सीएमओ डॉ. एसके चक ने स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। जहां मानिकसुर पीएचसी पर वार्ड बॉय प्रेम प्रकाश सिंह को ड्रेस में न रहने और अन्य लापरवाही को देखते हुए निलंबित कर दिया। वहीं अलग-अलग केंद्रों पर अनुपस्थित मिले छह स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन बाधित कर दिया। जिले के सभी पीएचसी पर 1217 मरीजों का उपचार हुआ।
सीएमओ रविवार को 1:30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरपुर का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां सफाई व्यवस्था बदहाल देखकर कर चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा को फटकार लगाई। सफाई व्यवस्था बेहतर न होने के कारण वार्ड बॉय शशिकांत और ओमकार नाथ का सात दिन का वेतन रोक दिया। यहां कुल 81 मरीजों का उपचार किया गया।
उन्होंने पीएचसी मानिकपुर का 3:16 बजे निरीक्षण किया। फार्मासिस्ट अनिल कुमार पांडेय से औषधि का स्टॉक बुक मांगा, उसे उपलब्ध न कराने पर सात दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं गंदगी होने के कारण और मुख्यालय पर निवास न करने के साथ ही ड्रेस कोड का अनुपालन न करने पर वार्ड बॉय प्रेम प्रकाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वहीं अनुपस्थित रहे मोहन कुमार, इरशाद चपरासी का सात दिन का वेतन रोक दिया। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य मेले में कुल 1217 मरीज देखे गए। जिसमें 469 पुरुष, 449 महिला सहित बच्चों का उपचार किया गया। बदलते मौसम के बीच चिकित्सक ने मरीजों को सतर्क रहने की हिदायत दी।
अधीक्षक ने देखा स्वास्थ्य मेले का हाल
दुर्गागंज पीएचसी पर रविवार को दोपहर अचानक से भानीपुर अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव पहुंच गए। जिन्हें देखने के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में हलचल मच गई। मेले में 70 साल से अधिक वाले लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। पीएचसी प्रभारी डॉ. मोहम्मद परवेज ने बताया कि 12 बजे तक 55 मरीज देखे गए और 12 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस मौके पर एएनएम सुनीता, ज्योति यादव, श्यामू आदि मौजूद रहे।