आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व ईवीएम और वीवीपैट से जुड़ी जानकारी सभी मतदाताओं को मिलेगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट, तीनों तहसीलों, छह ब्लॉकों और सात नगर निकायों में केंद्र खोले जाएंगे।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि चुनाव में बड़ी संख्या में महिला मतदाता वोटिंग को लेकर जागरूक नहीं रहती। जिससे उन्हें परेशान होना पड़ता है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अब सभी को जागरूक करने के लिए जागरूकता केंद्र खोला जाएगा। इसके लिए ज्ञानपुर, भदोही, औराई तहसील, डीघ, ज्ञानपुर, औराई, अभोली, सुरियावां, भदोही ब्लॉक और नई बाजार, खमरिया सहित सभी सातों निकायों में छह दिसंबर तक केंद्र स्थापित होगा। जहां प्रतिदिन सुबह 10 से शाम साढ़े चार बजे तक प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी और कर्मचारी लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र के संचालन, मशीनों के रख-रखाव, सूचना तैयार करने को लेकर सभी कार्य अभी से पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि लोगों को कोई दिक्कत न हो। केंद्रों पर कोरोना गाइड लाइन का पालन किया जाएगा।