अभोली। अभोली के पाली उपकेंद्र से संचालित भिड़िउरा फीडर के अमिलहरा गांव की बिंद बस्ती में 10 दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। जला हुआ ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि ट्रांसफार्मरों को शीघ्र न बदला गया तो बड़ा आंदोलन करेंगे।
अमिलहरा गांव की बिंद बस्ती के लगभग डेढ़ सौ परिवारों के लिए एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। 10 दिन पूर्व तकनीकी खराबी के कारण ट्रांसफार्मर जल गया था। ग्रामीण तब से लेकर अब तक कई बार शिकायत दर्ज कराते हुए ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की, लेकिन ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका। बिजली न मिलने से पंखे, मोबाइल, इन्वर्टर, चक्की, सिंचाई संसाधन शोपीस बनकर रह गए हैं। प्रदर्शन करने वालों में सचिन कुमार बिंद, लालमणि, राजेश, सुनील, शिवशंकर, धर्मेंद्र, दिनेश कुमार आदि रहे। इस संबंध में एक्सईएन मनोज कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में न आने से समस्या आ रही है। वैसे भी गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मर के जलने का क्रम नहीं रुक पा रहा है। जैसे ही ट्रांसफार्मर उपलब्ध होगा लगवा दिया जाएगा।