सिकंदरपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर मंगलवार को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के चकखान गांव के राजभर डेरा पर दो व्यक्तियों से रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर अवैध वसूली करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि गले में पीला गमछा लटकाए दो व्यक्ति हाथ में फाइल लिए एक घर के सामने खड़े हैं। इसमें आवास के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड और बैंक पासबुक की फोटो कापी रखी है। वसूली की जानकारी होने पर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूछताछ करनी शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने अपना नाम बिहारी पासवान निवासी मिश्रचक थाना सिकंदरपुर बताया।
ग्रामीणों ने किसके आदेश पर पैसा लेने का सवाल किया तो उक्त व्यक्ति ने ओमप्रकाश के कहने पर रजिस्ट्रेशन बाबत 500 रुपये लेने की बात बताई गई। इस दौरान ग्रामीणों को वीडियो बनाते देख वह व्यक्ति यह भी कहता नजर आ रहा है की इसे कहीं भेज दें कोई डर नहीं है। आवास का ऑनलाइन कराने में खर्च लगता है जिसे लोगों से लिया जा रहा है।
उधर ग्रामीणों ने फोन पर इसकी शिकायत बीडीओ नवानगर देवेंद्र वर्मा से की। बीडीओ ने ग्रामीणों से ऐसे किसी भी व्यक्ति को आवास के नाम पर पैसा देने से मना किया। यह व्यवस्था निशुल्क है। सरकारी कर्मचारी द्वारा सर्वे कर पत्रों का नाम आवास सूची में जोड़ा जाएगा।।
आवास के नाम पर पैसा वसूलने की शिकायत सामने आई है। उक्त व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को संबंधित अधिकारी को लिखा जाएगा। -देवेंद्र वर्मा, बीडीओ, नवानगर