आपूर्ति विभाग ने 3.5 लाख पात्र गृहस्थी और 38 हजार 264 राशन कॉर्डों का सत्यापन एक जून से शुरू करा दिया है। सत्यापन के लिए ग्रामीण स्तर पर नोडल खंड विकास अधिकारी, नगर में अधिशासी अधिकारी को नामित किया गया है। लेखपालों को अंत्योदय और पंचायत सचिवों को पात्र गृहस्थी के कॉर्डों का सत्यापन करने के लिए कहा गया है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गांव और शहर में पात्रों के राशनकॉर्ड बनाए गए हैं। आपूर्ति विभाग के सूत्रों का कहना है कि उसमें कई ऐसे लोग भी हैं जो अपात्र होते हुए भी पात्रता की श्रेणी में शामिल होकर योजना का लाभ ले रहे हैं। इसीलिए अब सभी कॉर्डों का सत्यापन किया जाएगा। जो अपात्र होंगे, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। बीते दिनों जिले में लगभग पांच सौ लोगों ने राशन कॉर्ड सरेंडर भी कर दिया है। विभाग के लोगों का कहना है कि अभी भी कई लोग ऐसे हैं जो अपात्र हैं और राशनकॉर्ड बनवाकर योजना का लाभ ले रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करने वालों की संख्या कम है। विभाग अब सभी राशनकार्डों का सत्यापन कराएगा। इससे अपात्र लोगों का चिन्हांकन होगा और नए पात्र लोगों के नाम सूची में जोड़ने में सहूलियत होगी।