भदोही के भाजपा विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वाराणसी की एक युवती ने विधायक और उनके भतीजों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। एसपी ने इसकी जांच अपर पुलिस अधीक्षक को दी है। प्रकरण को लेकर जिले की सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। भदोही विधायक ने कहा है कि एक साजिश के तहत ये आरोप लगाए गए हैं। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
महिला ने एसपी को सोमवार को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि मई 2014 में वह ट्रेन से मुंबई जा रही थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात चौगना गांव निवासी संदीप तिवारी से हुई। बातचीत में उसने मोबाइल नंबर ले लिया। कुछ महीनों की बातचीत के बाद संदीप ने 2016 में शादी का प्रस्ताव रखकर वाराणसी के एक होटल में बुलाया। वहां उसने दुष्कर्म किया।
सितंबर 2016 में वह उसे लेकर मुंबई चला गया। विधानसभा चुनाव 2017 से पहले संदीप उसे भदोही लेकर आया। वहां स्टेशन रोड स्थित एक होटल में रखा। करीब 30 दिनों के दौरान संदीप के अलावा उसके चाचा विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, संदीप के भाइयों व चचेरे भाइयों ने यौन शोषण किया। विरोध करने पर संदीप ने इसे सहने के लिए कहा।
शादी की बात करने पर वह टालता गया। इस दौरान संदीप से उसे गर्भ ठहर गया। फिर दबाव डालकर गर्भपात करवा दिया गया। नौ फरवरी 2020 को फिर शादी की बात कही तो संदीप उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रामबदन सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक को प्रकरण की जांच सौंप दी। एसपी ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। मैं तो उस महिला को जानता भी नहीं। जिला पंचायत, खनन, सड़क निर्माण, ट्रांसफॉर्मर आदि में हुई अनियमितताओं की जांच करवा रहा हूं। इसलिए ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा बौखला गए हैं और षड्यंत्र रचकर यह सब करवा रहे हैं। मामले की जांच होगी तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।
वहीं ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र का कहना है कि मेरा इस प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। भदोही विधायक अनावश्यक मेरा नाम घसीट रहे हैं। मैंने कई बार उनकी मदद ही की है।