भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के गोपपुर गांव के पास बोलेरो चालक को धमकाकर उस पर सवार दो महिला समेत तीन लोगों का कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। चालक की सूचना पर पुलिस ने बोलेरो सहित अगवा किए गए तीनों को प्रयागराज जिले के सराय इनायत के पास से बरामद कर लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बोलेरो चालक अजय निवासी दरवापट्टी थाना विंध्याचल (मिर्जापुर) ने कोतवाली गोपीगंज में बताया कि छतीसगढ़ से विंध्याचल मंदिर में दर्शन करने दो महिला समेत चार लोग आए थे। बुधवार सुबह सात बजे उन लोगों ने बोलेरे को सुल्तानपुर के लिए बुक किया। जब वह गोपपुर पहुंचा तो एक कार ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।
कार सवार दो युवक उतरे और बोलेरो चालक और इसमें सवार एक व्यक्ति को पीटने लगे। तमंचा सटाकर बोलेरो की चाबी ले ली। फिर बोलेरो में बैठी दोनों महिलाओं समेत तीन लोगों को लेकर भाग गए। वह आननफानन गोपीगंज कोतवाली पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई और बरामदगी के लिए निकल पड़ी।