महराजगंज। औराई कोतवाली पुलिस ने महराजगंज अंडरपास के पास दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एक ट्रक में ठूसकर भरे गए 16 पशु (भैंस) को बरामद किया। तस्कर को पशुओं को लेकर तस्करी के लिए उन्नाव जा रहे थे। औराई कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ तस्कर हाईवे के रास्ते होकर पशुओं को लेकर जा रहे थे। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महराजगंज अंडरपास के पास अपनी गाड़ी तिरछे खड़ा कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस बीच वाराणसी की तरफ एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल उस ट्रक को रोका और तलाशी लेनी शुरू की तो उसमें बुरी तरह से ठूसकर भैंस भरे थे। पुलिस ने ट्रक से दो पशु तस्कर फूल प्रसाद द्विवेदी निवासी नरपत नगर जरौली, कानपुर और शाहिद आलम उर्फ विक्की निवासी टोला, अहरौरा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया।
कोवताली लाकर पशुओं की गिनती की गई तो उसमें कुल 16 भैंस बरामद किए गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि दोनों तस्करों पर प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा गया है। वहीं भैंस को एक पशुपालक को सौंपा गया है।