कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने के आरोप में क्राइम ब्रांच और भदोही कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को भदोही नगर के बाजार सलाबत खां मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया। दोनों पर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों ने कोरोना के संदर्भ में समुदाय विशेष को लेकर भड़काऊ पोस्ट किया था।
सोशल नेटवर्किंग साइट व्हाट्सएप पर बृहस्पतिवार रात से ही मोबाइल नंबर 9336868820 से एक समुदाय विशेष के खिलाफ कोरोना वायरस को लेकर अफवाह फैलाई जाने लगी। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी रामबदन सिंह ने क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय सिंह सेंगर को नंबर चिह्नित कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
क्राइम ब्रांच और भदोही कोतवाली पुलिस ने आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। शुक्रवार को बाजार सलाबत खां से दोपहर चार बजे आरोपी अकमल अंसारी पुत्र स्व. इमामुद्दीन और अब्दुल मोतल्लीब पुत्र स्व. महबूब आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से दो मोबाइल बरामद हुए।