कोतवाली क्षेत्र के आशापुर डीहवा के समीप रविवार को मैजिक पलटने से घायल 15 ग्रामीणों में से दो और लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे चौरी के भाला गांव में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
चौरी के भाला गांव की चौहान बस्ती में रविवार को सुबह उमाशंकर चौहान (85) का निधन हो गया। एक मैजिक मालवाहन से गांव के लोग शव लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए भोगांव घाट जा रहे थे। औराई - भदोही मार्ग पर आशापुर डीहवा के पास मालवाहन की टक्कर से शव यात्रा में जा रही मैजिक सड़क के किनारे पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 48 वर्षीय रामेश्वर चौहान की मौत पहले ही दिन हो गई थी। बड़े भाई सांवरे चौहान और गांव के ही कन्हैया चौहान की हालत गंभीर होने से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां उपचार के दौरान रविवार की देर रात सांवरे चौहान ( 50) की मौत हो गई। सोमवार को सांवरे चौहान का शव जैसे ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया उसी दौरान कन्हैया चौहान (65) की भी मौत हो गई है। घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी उपचार करा रहे हैं। घटना से पूरे गांव में मातम छाया है। इस बीच सोमवा को भी कई घरों में चूल्हे नहीं जले। सांवरे चौहान का अंतिम संस्कार भोगांव घाट पर किया गया। घटना में घायल अब भी 12 लोगों का उपचार भदोही, कछवां और वाराणसी के निजी चिकित्सालयों में चल रहा है, जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।