गोपीगंज थाने पर अवैध खनन में सीज ट्रैक्टर। स्रोत पुलिस
ज्ञानपुर। जिले में अवैध मिट्टी और बालू खनन को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। एक महीने में दो छात्रों की मौत के बाद रविवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान दो डंपर और 20 ट्रैक्टर ट्राॅली को सीज किया गया। एसपी अभिनव त्यागी ने थानेदारों और चौकी प्रभारियों की जवाबदेही तय कर दी है।
जिले के औराई, डीघ, भदोही क्षेत्र में मिट्टी खनन का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। पुलिस, खनन विभाग की मिलीभगत से अवैध कारोबार काफी दिनों से चल रहा है। 31 मई को विक्रमपुर के पास एक छात्र की मौत होने के बाद अवैध खनन के मामले ने तूल पकड़ा था। उस घटना के बाद डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर कार्रवाई की गई, लेकिन कुछ दिनों के बाद फिर से मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
शनिवार को सिंहपुर के एक छात्र की मौत के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर दो डंपर, दो ट्रैक्टर, 18 ट्रैक्टर ट्राॅली को सीज किया। वहीं, एसपी ने थानेदारों और चौकी प्रभारियों को हिदायत दी है कि अवैध खनन होने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से कहा कि व्हाट्सएप चैट बाट (पुलिस सतर्क मित्र) पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान उजागर किए बिना मोबाइल नंबर 7839860411 पर सूचना, फोटो, वीडियो या ऑडियो भेज सकता है।