ज्ञानपुर। जिले के प्रगतिशील किसानों के लिए अच्छी खबर है। बेजवां में 1.28 करोड़ की लागत से बनी हाईटेक नर्सरी से अब किसानों को अच्छी क्वालिटी के सब्जी के पौधे सस्ते दामों में मिल सकेंगे। उद्यान विभाग नर्सरी से उगाए गए उत्तम क्वालिटी के सब्जी के बीजों को केवल दो रुपये में मिलेगा। इस नर्सरी में शिमला मिर्च, टमाटर, गोभी, पत्ता गोभी और मिर्च जैसे पौधों की नर्सरी तैयार हो चुकी है।
जिले में लघु एवं सीमांत किसानों की संख्या करीब दो लाख है। जिसमें हजारों किसान अब परंपरागत खेती को छोड़कर तकनीक आधारित खेती कर रहे हैं। किसानों की इस समस्या को देखते हुए कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के परिसर में 1.28 करोड़ की लागत से हाईटेक नर्सरी तैयार की गई। इसमें अलग-अलग किस्म के ढाई लाख सब्जी के पौधे उगाए जा रहे हैं। यह पौधे गुणवत्ता पूर्ण और उत्तम क्वालिटी के हैं। आलू की बुआई के साथ ही किसान सब्जी की नर्सरी डालते हैं, लेकिन तापमान अनुकूलित न होने के कारण बीज सही से अंकुरित नहीं होते हैं। हाईटेक नर्सरी में समुचित तापमान के बीच पौधे उगाए जाते हैं। नर्सरी में 3.50 लाख पौधे उगाने का लक्ष्य उद्यान विभाग का है। वर्तमान में ढाई लाख पौधा उगाया गया है। अब किसानों में वितरित होने लगा है।