तंबाकू कई जटिल रोगों का जनक है। इससे दूरी बनाना ही सेहत के लिए लाभकारी होता है। ये बातें मंगलवार को पटेल नगर स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ में तंबाकू निषेध दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी में फौजदार यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार देश में अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहा है। गायत्री परिवार नशामुक्त जीवन बनाने लिए भी प्रेरित करता है। प्रदर्शनी तंबाकू से होने वाली बीमारियों को दर्शाया गया। इस मौके पर फूलचंद्र मौर्य, चंद्रमणि मौर्य आदि मौजूद रहे। उधर, सीतामढ़ी क्षेत्र स्थित दयावंती पुंज डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंजलि सिंह की अध्यक्षता में ऑनलाइन चित्र प्रतियोगिता और काव्यपाठ कार्यक्रम में भाग लिया। इस ऑनलाइन प्रतियोगिता के माध्यम से सभी विद्यार्थियों ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विभिन्न प्रकार के स्लोगन लिखकर पोस्टर (चित्र) आदि बनाए। विद्यार्थियों ने पोस्टर में स्लोगन के साथ-साथ कई जागरूकता भरे चित्र भी बनाए। इसके साथ ही उन्होंने वर्चुअल कविता के माध्यम से तंबाकू से होने वाले खतरों के प्रति लोगों को जागरूक किया। डॉ. अंजलि सिंह ने कहा कि तंबाकू एवं धूम्रपान के सेवन से कैंसर जैसी भयानक बीमारी होने का खतरा रहता है। गुर्दे खराब हो जाते हैं और हार्ट अटैक होने की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अरविंद उपाध्याय तथा तकनीकी संयोजक डॉ. अनित दुबे ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर दीपा गुप्ता, पीएन त्रिपाठी, संतोष कुमार दुबे, अखिलेश कुमार सिंह, अखिलेश कुमार और अविनाश मिश्र आदि मौजूद रहे।
उझक, केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय में ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अनुज कुमार सिंह ने कहा कि पूरे विश्व में 31 मई के दिन को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के रूप में तंबाकू के उपयोग से जुड़े खतरे को उजागर करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। मुख्य वक्ता वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने छात्राओं को तंबाकू एवं इसके उपयोग से होने वाले विभिन्न प्रकार के खतरों एवं बीमारियों से अवगत कराया। महाविद्यालय की छात्रा हर्षा सिंह, नंदनी चौबे अनीता यादव, आयुषी मिश्रा, सपना सोनकर, प्रियांशी दूबे ने तंबाकू सेवन से पैदा होने वाली समस्याओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने जवाब दिया।