डीघ ब्लॉक में वित्तीय एवं प्रशासनिक कामकाज अब त्रिस्तरीय समिति देखेगी। समिति गठन की कवायद प्रशासन ने शुरू कर दी है। पांच मई को ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायतों की होने वाली बैठक में तस्वीर साफ हो जाएगी। इसको लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
वाराणसी की गायिका को धमकी देने एवं प्रयागराज की एक महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख डीघ मनीष मिश्र जेल में निरुद्ध है। ब्लॉक में कार्यों की देख-रेख के लिए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने उनके अधिकार को सीज कर एसडीएम ज्ञानपुर को प्रशासक तैनात कर दिया था। हालांकि अब वित्तीय व प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए त्रिस्तरीय समिति करने का निर्णय लिया गया है। ब्लॉक में त्रिस्तरीय समिति के गठन के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक पांच मई को सुबह 11 बजे बुलाई गई है। प्रभारी खंड विकास अधिकारी/जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि सभी सदस्यों को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है। बैठक में सर्व सम्मति से समिति के सदस्यों का चयन होगा। अधिक दावेदार होंगे तो जिनके पक्ष में अधिक सदस्य संख्या होगी उन्हें समिति में रखा जाएगा। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। डीएम की ओर से समिति को अनुमोदित किया जाएगा।