क्राइम ब्रांच और ऊंज पुलिस को रविवार को भोर में बड़ी सफलत हाथ लगी। वहिदानगर ओवरब्रिज के पास से सरगना समेत तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 70 किलो गांजा और एक बिना नंबर की कार बरामद किया। गांजे का बाजार मूल्य पांच लाख जबकि कुल बरामदगी 10 लाख बताई गई। तीनों आरोपी प्रयागराज के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को एसपी डॉ. अनिल कुमार पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए टीमों को सक्रिय किया गया था। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सभी थानों के साथ- साथ क्राइम ब्रांच की टीम को विशेष रूप से कार्यवाही के लिए कहा गया था। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्वेक्षण और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच संग थाना ऊंज की टीम ने वाहिदानगर ओवर ब्रिज के नीचे रोड के बांये पटरी पर रात एक बजे तीन तस्करों पंकज दूबे निवासी सुदनीपुर कला, हनुमानगंज प्रयागराज, विजयभान गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता निवासी सरायममरेज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गैंग का सरगना पंकज दूबे ने बताया कि उनका गांजा तस्करी का एक गैंग है। उड़ीसा में सस्ते दाम पर गांजा लाकर प्रयागराज, भदोही, जौनपुर सहित अन्य जिलों में बेचते हैं। इसमें विजयभान और विनोद सहयोग करते हैं। हम लोग उड़ीसा से स्वीफ्ट कार 50 हजार रूपये भाड़ा पर लिए। जिसमें सीट के नीचे चेंबर बनाकर गांज छुपा लिए। गाड़ी का नंबर प्लेट भी निकाल दिए थे, जिससे पकड़े न जाएं। गांजा लेकर लौटते समय पकड़ लिए गए। तीनों के खिलाफ कई जिलों में मुकदमें दर्ज हैं। एसपी ने टीम 25 हजार इनाम देने की घोषणा की। गिरफ्तारी टीम में विनोद दूबे, सर्वेश राय, तुफैल अहमद, नागेंद्र यादव, मन्नू सिंह, दीपक, नीरज, सुनील, सुभाष, कौशल कुमार कठेरिया, आदर्श शर्मा, बृजेश कुमार मौर्य आदि रहे।