बाबूसराय। औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवां गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों दोस्तों का अंतिम संस्कार मिर्जापुर के कोलाहलपुर घाट पर किया गया। तीनों की चिताएं एक साथ जलीं। वहां मौजूद लोगों की आंखें यह दृश्य देखकर नम हो गई। मेदनीपुर गांव में दूसरे दिन भी चूल्हे नहीं जले। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
औराई के इटवां गांव के पास रविवार को दोपहर में तीन दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। इसमें मेदनीपुर निवासी पप्पू बिंद के पुत्र सूरज बिंद (20), उसका दोस्त विवेक बिंद (29) पुत्र चुन्नी लाल और पुनीत बिंद (19) पुत्र राकेश बिंद की मौत हो गई थी। तीनों महराजगंज बाजार से घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक चला रहे सूरज और उसके पीछे बैठे विवेक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पुनीत को औराई ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
उसका उपचार शुरू हो पाता उसके पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने शव को परिवार वालों को सौंप दिया। सोमवार को मिर्जापुर के कोलाहलपुर गंगा घाट पर तीनों दोस्तों के शव का अंतिम संस्कार किया गया। तीनों के पिता ने मुखाग्नि दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक विवेक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार वालों ने शासन-प्रशासन से 20 लाख मुआवजे की मांग किया।