कोतवाली क्षेत्र के हिम्मतपुर बकुचियां निवासी श्यामजी के मकान में पीछे से घुस कर चोरों ने चार आलमारियों के ताले तोड़ कर लगभग चार लाख रुपयों के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद उड़ा दिए। श्यामजी ने तहरीर शुक्रवार को रजपूरा पुलिस चौकी में दी है। लेकिन अब तक पुलिस जांच को नहीं पहुंच सकी है।
तहरीर में बताया कि 22 दिसंबर को उनके साले की मौत हो गई थी। घर में ताला लगाकर घर के सभी लोग अंतिम संस्कार में चले गए थे। घर पर किसी के न होने का लाभ उठा कर चोरों ने अपने काम को अंजाम दे दिया। श्यामजी ने अंतिम संस्कार से लौटने के बाद रजपूरा पुलिस चौकी में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। श्यामजी के अनुसार चोर पीछे के हिस्से से चोर घर में घुसे और चार बहुओं के आलमारी का ताला तोड़ कर चारो के 4 लाख के गहने उठा ले गए। सभी के आलमारी में लगभग 20 हजार रुपये भी थे जो चोरों के हांथ लगे हैं। घटना के बाद गहने न पाकर बहुओं का हाल बुरा है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी गगनराज सिंह ने चोरी की इस घटना की जानकारी होने से इंकार किया। बताया कि न तो हमारे यहां और ना ही रजपूरा पुलिस चौकी में कोई तहरीर मिली है। सूचना होने पर ही कार्रवाई की जा सकती है।