बीआरसी ज्ञानपुर परिसर में स्थित कंपोजिट विद्यालय का रविवार की रात ताला तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पहले शराब पिया उसके बाद चोरी की। तहरीर पर पुलिस ने छानबीन शुरू की।
ब्लॉक संसाधन केंद्र में शिक्षकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है। इस दौरान शिक्षकों के नाश्ता, भोजन आदि उपलब्ध कराने के लिए ज्ञानपुर के भिदिउरा गांव निवासी श्रवण कुमार पाठक को काम मिला है। कोतवाली में दी तहरीर में श्रवण ने बताया कि 28 मार्च से वह शिक्षकों को नाश्ता और भोजन मुहैया करा रहे थे। नौ अप्रैल को कारीगर राजकुमार गौड़ काम निपटाकर घर चला गया। सोमवार को सुबह कारीगर जब पहुंचा तो कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे से एक बोरा चावल, एक बोरी आटा, एक गैस सिलेंडर, तेल, अमूल दूध, चीनी सहित अन्य सामग्री रही। जिसकी कीमत 50 हजार से अधिक बताई। पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची तो कमरे में शराब की बोतलें भी मिली। आशंका जताई गई कि चोरों ने पहले छककर शराब पी और उसके बाद घटना को अंजाम दिया।