गोपीगंज कोतवाली पुलिस और स्वाट की टीम ने बुधवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास से अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।
इसमें गैराज मालिक भी शामिल है। तीन आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक व एक चेचिस बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों से वाहन चोरी करते थे। पार्ट्स और नंबर प्लेट बदलकर वाहन बेच देते थे। चेचिस नंबर को खुरचकर मिटा देते थे।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता कर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटना के रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एसओजी व पुलिस की टीम गठित की थी। बुधवार को सूचना मिली कि कुछ आरोपी ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास खड़े हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। एएसपी ने बताया कि मो. ताजिम निवासी भगवतपुर, अर्जुन बिंद निवासी मदनपुर, गोपीगंज और रामबाबू उर्फ भानू निवासी कुलमीपुर, औराई को गिरफ्तार किया गया है।
इसमें मोहम्मद ताजिम गैराज का मालिक है। आरोपी गोलू निवासी धनापुर उत्तरी, सुहेल निवासी पूरेभगवतपुर और सचिन निवासी मारकुंडी,चोपन भाग गए। आरोपी गैराज मालिक मोहम्मद ताजिम ने बताया कि उसके गैराज में चोरी के वाहन आते थे। उसके पार्ट्स को खोलकर नंबर प्लेट बदल देता था। इसके बाद चेचिस नंबर भी खुरचकर मिटा देता था। इसके बाद ग्राहकों की तलाश करता था। वाहन बेचने के बाद आरोपी पैसे आपस में बांट लेते थे।