पुलिस लाइन में गिरफ्तार अंर्तराज्यीय पशु चोर गिरोह के सदस्य। स्रोत: पुलिस
ज्ञानपुर। गोपीगंज पुलिस ने रविवार को भेड़ और बकरियों की चोरी करने वाले गिरोह के तीन महिलाओं सहित छह सदस्यों को घनश्यामपुर गांव से गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी सलमान निवासी कटरा कोईरौना, एहसान खां, कमाल खां निवासी नरैचा जाफरगंज फतेहपुर, बिट्टी जान, रजनी, रागिनी निवासी मुंडेरा मंडी धूमनगंज प्रयागराज की रहने वाली हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 भेड़, 15 बकरी, 25 हजार नकद, अपाचे बाइक, चार आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड और पैनकार्ड बरामद किया है।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि बीते दिनों कोइरौना थाने में दो और गोपीगंज थाने में एक पशु चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू की। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनका एक गिरोह है। जो पशुओं को पकड़कर बेच देते हैं। दिन में सभी सदस्य घूमकर रेकी करते हैं और रात में चोरी करते हैं। उसके बाद सुल्तानपुर और फतेहपुर मंडी में ले जाकर बेचते। आरोपियों ने स्वीकार किया कि पांच अप्रैल को प्रयागदासपुर से 52 भेड़ चोरी किए थे। इसमें 20 भेड़ सुल्तानपुर मंडी में बेची गई। कोइरौना के मवैया थानसिंह से 12 बकरियां और मठहां से तीन बकरियां चोरी की थी। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।