ज्ञानपुर। भीषण गर्मी में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सात घंटे तक कटौती हो रही है। ट्रिपिंग और लो वोल्टेज ने ग्रामीण उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी है।
ट्रिपिंग की हालत यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे में 16 से 17 बार बिजली कट रही है। हालांकि निगम के अधिकारियों की मानें तो उनका कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण रीडर ट्रिप कर रहे हैं।
कहीं-कहीं ओवरलोडिंग के कारण एबीसी केबल जल रही है। इस कारण हमें शटडाउन लेकर फाल्ट ठीक करना पड़ रहा है। शहर में इस तरह की समस्या है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के मुकाबले कम है।
औराई क्षेत्र के चकापुर फीडर से कंसापुर, हुसैनीपुर, मलियापुर, अदलपुर, चकापुर, महराजगंज, दयालापुर, फतियाडील, इटवा, विक्रमपुर, भीटी, ठेहराव, महाननपुर आदि गांवों में शनिवार को चार घंटे की कटौती हुई।
वहीं, ठठरा फीडर से चेरापुर, सारीपुर, नारायण, बाबूसराय, शिवरामपुर, नारायणपुर, सिंगापुर, बिहड़ा आदि गांवों में 24 घंटे में 17 बार ट्रिपिंग हुई। सेमराध फीडर से जुड़े आठ गांवों में जर्जर तार बार-बार शार्ट कर रहे हैं इस कारण कटौती हो रही है। बाबूसराय के सारीपुर, चेरापुर, रतना, ठेकीपुर, नारायणपुर कटका, बाबूसराय, कलूटपुर, महादेपुर जैसे गांवों में हर 10 मिनट में बिजली कटौती हो रही है।
ईस्ट फीडर, नॉर्थ फीडर, महथुआं फीडर, घोसियां फीडर पर ओवरलोड से सबसे अधिक ट्रिपिंग की समस्या है। सुरियावां नगर के चौक क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या कई दिनों से बनी है। चौरी विद्युत उपकेंद्र के तीन फीडर से 80 गांवों में आपूर्ति हो रही है।
शाम के समय दो से तीन घंटे की कटौती हो रही है। बिजली न होने से लोगों का दैनिक कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।