लालानगर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर रोड स्थित कालीदेवी मोहाल बाबा रघुनाथदास कुटिया परिसर में मंगलवार को कुएं में छलांग लगाने वाले व्यक्ति कन्हैया लाल जायसवाल (34) की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता शंकरलाल जायसवाल ने बताया कि कन्हैया उनका दूसरे नंबर का पुत्र था। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। काफी दिनों से उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार को सुबह लगभग 10.30 बजे दर्शन-पूजन की बात कहकर घर से निकला और बाबा रघुनाथदास कुटिया परिसर के पुराने कुएं में छलांग लगा दिया। आस-पास के लोगों की सूचना पर परिजन रोते-बिलखते कुएं के पास पहुंचे और उसे कुएं से बाहर निकालने की व्यवस्था में जुट गए। बड़े भाई सुभाषचंद जायसवाल ने पुलिस को जानकारी दी। लगभग आधे घंटे विलंब से फायर ब्रिगेड के जवानों के साथ पहुंची पुलिस उसे कुएं से बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी दो माह से मायके में रह रही थी। प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में किसी तरह की तहरीर परिजनों की ओर से नहीं दी गई है।