भदोही। महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय में बने 100 बेड के मातृ-शिशु विंग का जल्द ही संचालन होगा। बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने निर्धारित मानकों को देखते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार की है। अब इसे शासन को सौंपेगी। वहां से संस्तुति मिलते ही अस्पताल का संचालन शुरू हो जाएगा।
स्टेशन रोड स्थित महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में 25 करोड़ की लागत से 100 शैय्या मातृ-शिशु विंग का निर्माण वर्ष 2018 में हो गया था। इसके बाद कोविड महामारी के दौर में इसका उपयोग कोविड मरीजों के लिए किया गया। इसके बाद से अस्पताल बंद पड़ा है।
साल 2023 में यह तय हुआ कि अस्पताल का संचालन पीपीपी मॉडल से किया जाएगा। हेरिटेज ग्रुप को अस्पताल के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसमें हेरिटेज ग्रुप ने इसे 32 बिंदुओं पर पूरा कर मांगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित मानकों को पूरा करने के बाद हेरिटेज ग्रुप ने इसका निरीक्षण किया और संचालन की संस्तुति की, लेकिन मामला लखनऊ से आने वाली शासन की टीम के सत्यापन को लेकर फंस गया।
बीते चार महीने से लखनऊ की टीम का इंतजार किया जा रहा था। बृहस्पतिवार को लखनऊ स्वास्थ्य विभाग से महाप्रंबधक (प्रोक्योरमेंट) डॉ. अंबुज समेत सात सदस्यीय अधिकारियों और चिकित्सकों की टीम ने घंटों अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दल ने सभी उपकरण देखे। वहीं अस्पताल में आपरेशन थिएटर, डाक्टरों के बैठने का स्थान, मरीजों के इंतजार करने व बैठने, अग्निशमन आदि की व्यवस्था के साथ मरीजों को भर्ती किए जाने वाले वार्ड की जांच की। निरीक्षण निष्कर्ष पर अधिकारियों ने कुछ बताने से इंकार किया और कहा इसकी रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।